सुखवंत आत्महत्या प्रकरण : आईजी एसटीएफ की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय एसआईटी गठित
देहरादून, 15 जनवरी (हि.स.)। जनपद ऊधमसिंहनगर के ग्राम पैगा, थाना आईटीआई निवासी किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या मामले में पुलिस मुख्यालय ने उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है।
उद्यमसिंह नगर जिले के किसान सुखवंत सिंह ने 10-11 जनवरी, 2026 की रात्रि काठगोदाम, हल्द्वानी में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मृतक किसान सुखवंत का एक वीडियाे सामने आया था जिसमें उसने पुलिस प्रताड़ना का जिक्र किया गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की बात कही थी। अब इस प्रकरण से संबंधित अभियोगों की गहन विवेचना के लिए पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी में पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर वन्दना वर्मा, निरीक्षक दिवान सिंह बिष्ट और उपनिरीक्षक मनीष खत्री जनपद चम्पावत को सम्मिलित किया गया है।
यह एसआईटी इस प्रकरण से सम्बन्धित सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो एवं मृतक के ई-मेल के माध्यम से की गयी शिकायत, जिसमें स्थानीय व्यक्तियों व जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस के अधिकारियों, कर्मियों के विरुद्ध आरोप लगाये गये हैं, की गहन जांच करेगी। मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी विवेचना के दृष्टिगत निलम्बित तीन उपनिरीक्षक, एक अपर उप निरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी, सात आरक्षी सहित कुल 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज में जनपद चमोली व रुद्रप्रयाग स्थानान्तरित कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

