घर में गोकशी कर रहे पति-पत्नी गिरफ्तार, एक आरोपित फरार
हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर में घर के अंदर गोकशी किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गोमांस, एक कुल्हाड़ी, चार छुरियां और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। इस दौरान एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अवैध पशु कटान और गोकशी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भगवानपुर पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर में कुछ लोग घर के अंदर गोकशी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर एक महिला और अब्दुल गफ्फार पुत्र यासीन निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर मिले, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, एक अन्य आरोपित पुलिस को देखकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से गोमांस के साथ एक कुल्हाड़ी, चार छुरियां, लोहे का तसला और दो नायलॉन की रस्सियां बरामद कीं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों का चालान कर दिया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश मंे जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

