अवैध निर्माणों पर प्राधिकरण की कार्रवाई, तीन निर्माण स्थल सील

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 23 मई (हि.स.)। जनपद में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर चल रहे अनाधिकृत व्यावसायिक निर्माणों को शनिवार को सील कर दिया। लगातार निर्देशों और चेतावनियों के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार टिहरी विस्थापित क्षेत्र की गली नंबर-7 के सामने लगभग 30×30 वर्गफुट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। इसके अलावा ज्वालापुर सलेमपुर स्थित मीनाक्षीपुरम में करीब 25×30 वर्गफुट क्षेत्रफल में दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं ज्वालापुर के रावली महदूद क्षेत्र में तालाब के सामने लगभग 15×30 वर्गफुट क्षेत्रफल में दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा था।

प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि उक्त सभी निर्माण बिना स्वीकृति के किए जा रहे थे, जिनके विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए थे। निर्माणकर्ताओं को कई बार कार्य रोकने के निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। अधिकारियों ने निर्माणकर्ताओं को निर्देश दिए कि भविष्य में बिना मानचित्र स्वीकृति एवं अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story