पांच जिलों में एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य पूरा, प्रदेश में 89.17 प्रतिशत किशोरियों को लगा टीका

WhatsApp Channel Join Now
पांच जिलों में एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य पूरा, प्रदेश में 89.17 प्रतिशत किशोरियों को लगा टीका


पांच जिलों में एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य पूरा, प्रदेश में 89.17 प्रतिशत किशोरियों को लगा टीका


-पिथौरागढ़, चमोली, ऊधम सिंह नगर, चम्पावत और उत्तरकाशी ने संशोधित लक्ष्य को पार किया

देहरादून, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 84,707 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में निर्धारित संशोधित लक्ष्य 95 हजार के सापेक्ष 89.17 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। वहीं, पांच जिलों ने अपने निर्धारित लक्ष्य से अधिक किशोरियों का टीकाकरण किया है।

पिथौरागढ़ में लक्ष्य के सापेक्ष 101.80 प्रतिशत, चमोली में 101.39 प्रतिशत, ऊधम सिंह नगर में 100.75 प्रतिशत, चम्पावत में 100.62 प्रतिशत और उत्तरकाशी में 100.85 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अनुसार, दो नवंबर को प्रदेश में 43 टीकाकरण सत्र नियोजित किए गए थे, जिनमें से 31 आयोजित हुए। इन सत्रों में 57 किशोरियों को टीका लगाया गया। अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 16,710 सत्र नियोजित किए गए, जिनमें 15,895 सत्र आयोजित हो चुके हैं।

एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। टीका विशेष रूप से कैंसर से जुड़े एचपीवी-16 और एचपीवी-18 वायरस से बचाव में मदद करता है। निर्धारित आयु में टीकाकरण से भविष्य में एचपीवी संक्रमण और इससे संबंधित सर्वाइकल कैंसर का जोखिम कम करने में सहायता मिलती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पात्र किशोरियों के अभिभावकों से निःशुल्क टीकाकरण कराने की अपील की। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि अभियान का लक्ष्य प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story