बेटियों की सेहत को मिला राष्ट्रीय सुरक्षा कवच: डीएम
उत्तरकाशी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। शनिवार को देशभर में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।एचपीवी टीकाकरण अभियान की आधिकारिक शुरुआत अजमेर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने के बाद जनपद उत्तरकाशी में भी से इसका विधिवत शुभारंभ हो गया।
यह विशेष अभियान 31 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुरेश चौहान और प्रशांत आर्य जिलाधिकारी ने किया है। कार्यक्रम में 7 बालिकाओं को टीका लगवाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बीएस रावत ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इस बीमारी से प्रभावी बचाव संभव है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद में 7 स्थानों पर ये टीका लगवाया जाएगा जिसमें सभी ब्लॉक मुख्यालय के चिकित्सालय तथा जिला चिकित्सालय शामिल है। जनपद में लगभग 3000 बालिकाओं को ये टीका लगाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ बीएस पांगती ने कहा कि सभी सेशन स्थलों पर कोल्ड चेन व्यवस्था, प्रशिक्षित स्टाफ और आवश्यक चिकित्सीय प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है।
इस अवसर पर प्रमुख अधीक्षक डॉ पीएस पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर कुलवीर राणा, डॉक्टर शैलेंद्र बिजलवाण, एडीआईओ प्रीति गौड़ सेमवाल, और संजय बिजलवान, डीपीएम हरदेव राणा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

