बागेश्वर में आधुनिक राज्य अतिथि गृह निर्माण को मिली रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बागेश्वर में आधुनिक राज्य अतिथि गृह निर्माण को मिली रफ्तार


देहरादून, 18 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत बागेश्वर में प्रस्तावित आधुनिक राज्य अतिथि गृह निर्माण परियोजना को गति देते हुए राज्य संपत्ति विभाग ने कार्ययोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

इस संबंध में गुरुवार को सचिवालय में आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ राजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बागेश्वर तहसील के ग्राम ठेलापालन में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) पर चर्चा की गई।

सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को वर्तमान आवश्यकताओं के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाए तथा इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में बताया गया कि राज्य अतिथि गृह का निर्माण लगभग 0.900 हेक्टेयर (45 नाली) भूमि पर किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्वतीय जनपद में सरकारी कार्यक्रमों, विशिष्ट अतिथियों के आवागमन और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए बेहतर आवासीय एवं बैठक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

डॉ. राजेश कुमार ने कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, बागेश्वर को निर्देशित किया कि डीपीआर में पर्याप्त संख्या में अतिथि कक्ष, बैठक कक्ष, प्रशासनिक कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए तथा डीपीआर शीघ्र शासन को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, आधुनिक फर्नीचर, विद्युत उपकरणों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी परियोजना में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आवश्यक अनुमतियों, स्थल चयन समिति की रिपोर्ट और ले-आउट स्वीकृति को डीपीआर के साथ संलग्न करने को कहा, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में विलंब न हो।

बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह,उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यदायी संस्था की ओर से प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, बागेश्वर के अधिशासी अभियंता इंजी. एस.के. पाण्डे और सहायक अभियंता इंजी. तनीशा पांगती ने परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया।

बैठक में कहा गया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप बनने वाला यह राज्य अतिथि गृह जिले में प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही विशिष्ट अतिथियों एवं अधिकारियों के लिए आधुनिक आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story