महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी के सम्मान में संतों का आशीर्वाद समारोह
हरिद्वार, 24 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज तथा राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत स्वामी हरिगिरी महाराज की उपस्थिति में शुक्रवार काे आनंद भैरव मंदिर में नवनियुक्त महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी का सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमहंत स्वामी हरिगिरी महाराज ने कहा कि महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी सनातन धर्म की रक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं और परिषद ने उनके प्रयासों के प्रति सहयोग एवं समर्थन का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में उनकी शिष्या यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को महामंडलेश्वर बनाया गया है तथा उन्हें भी हरसंभव सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म और संत समाज के समक्ष विभिन्न चुनौतियां हैं। उनके अनुसार, जो लोग इन चुनौतियों का सामना करने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें संरक्षण, सहयोग और समर्थन दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिषद ने पूर्व की भांति आगे भी यति नरसिंहानंद गिरी तथा यति मां प्रत्यंगिरा गिरी के प्रति अपना सहयोग बनाए रखने का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी ने कहा कि वे अपने गुरु यति नरसिंहानंद गिरी के विचारों और उद्देश्यों के प्रति समर्पित हैं तथा जीवनभर उनके बताए मार्ग पर कार्य करने का प्रयास करेंगी। कार्यक्रम के अंत में महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज और महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी ने उपस्थित संतों का आभार व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

