ढंडियानवाला गांव के कच्चे मकानों से निकले 8 नौजवान एक साथ बने होमगार्ड

WhatsApp Channel Join Now
ढंडियानवाला गांव के कच्चे मकानों से निकले 8 नौजवान एक साथ बने होमगार्ड


हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। कहते हैं इरादे मजबूत हों तो कच्ची दीवारें भी सपनों को रोक नहीं सकतीं। हरिद्वार के छोटे से गांव ढंडियानवाला ने इसे सच कर दिखाया है। यहां के 8 नौजवानों का होमगार्ड भर्ती में एक साथ चयन हुआ है। गांव में आज दिवाली जैसा माहौल है, हर घर में मिठाई बंट रही है।

सीमित संसाधन, कच्चे मकान और तंगहाली। लेकिन इन आठ युवाओं - दीपक सिंह, बाबू सिंह, राहुल सिंह, रोहित कुमार, धर्मवीर, दीपक सिंह, गौरव और पवन ने हालातों से हार नहीं मानी। सुबह 4 बजे उठकर गांव के कच्चे रास्तों पर दौड़, खेतों में फिजिकल की तैयारी और रात को लिखित परीक्षा के लिए पढ़ाई। यही उनकी दिनचर्या थी।

चयनित युवाओं का कहना है कि अब उन्हें अपनी मेहनत पर भरोसा है। प्रदेश में नकलविरोधी कानून के बाद भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है। अब लगता है कि मेहनत करने वाला कभी खाली नहीं जाएगा। गांव के लिए यह पहली बड़ी सफलता नहीं है। वर्ष 2021 में गांव के दो युवाओं को पहली बार सरकारी नौकरी मिली थी। अब एक साथ आठ का सरकारी नौकरी में चयन गांव के लिए गौरव की बात है।

युवाओं ने कहा कि सफलता का मंत्र सिर्फ एक है - नियमित अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत। उन्होंने निष्पक्ष चयन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड सरकार का आभार जताया।

गांव के बुजुर्ग कहते हैं कि इन आठ युवाओं ने सिर्फ नौकरी नहीं पाई है, उन्होंने पूरे गांव के सैकड़ों बच्चों को एक सपना दे दिया है। अब गांव का हर बच्चा कहता है - हमें भी होमगार्ड बनना है, हमें भी वर्दी पहननी है।

ढंडियानवाला की यह कहानी बताती है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। जहां चाह होती है, वहां राह खुद बन जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story