प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उड़ा होली का गुलाल

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उड़ा होली का गुलाल


प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उड़ा होली का गुलाल


देहरादून, 26 फरवरी (हि.स.)। राजधानी देहरादून स्थित उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में बुधवार को होली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान गुलाल उड़ाया गया और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने होलियारों के गीतों पर जमकर नृत्य किया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंच से होली गीत गाकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष करण माहरा और प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भी रंगों के बीच नृत्य कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

राठ क्षेत्र से आए होलियारों के दल ने पारंपरिक होली गायन प्रस्तुत कर समां बांधा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। देहरादून के लोकगायक विकास भारद्वाज ने पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर सभी का स्वागत किया, जबकि अबू रावत के लोकनृत्य दल ने गढ़वाली और कुमाऊंनी नृत्यों से कार्यक्रम में रंग भर दिए।

इस अवसर पर गणेश गोदियाल ने प्रदेशवासियों और देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सौहार्द के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारत विविध त्योहारों का देश है, जो समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं।

होली मिलन समारोह में भगवानपुर की विधायक ममता राकेश, प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी, ज्वालापुर के विधायक रवि बहादुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, जिला अध्यक्ष पछुवा दून संजय किशोर, जिला अध्यक्ष परवा दून मोहित उनियाल, टिहरी पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा, उत्तरकाशी यमुनोत्री जिला अध्यक्ष दिनेश सिंह चौहान, आशा मनोरमा शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष जयेंद्र रमोला, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा तथा प्रदीप डोभाल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story