हरिद्वार में चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो शुरू, 100 से अधिक स्टॉल लगे

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो शुरू, 100 से अधिक स्टॉल लगे


हरिद्वार, 21 अगस्त (हि.स.)। भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से प्रेमनगर आश्रम में चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। वाइब्रेंट उत्तराखंड के तहत आयोजित एक्सपो में पहले दिन ही व्यापारियों, युवाओं और छात्रों में भारी उत्साह देखा गया।

एक्सपो का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई, कृषि सेक्टर और नए उद्यमियों को एक मंच पर लाकर सरकारी योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी देना है। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार और करीब 6 राज्यों के विभागों व कंपनियों ने 100 से अधिक स्टॉल लगाए हैं। उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ सिक्किम, तेलंगाना, दिल्ली सहित अन्य राज्यों के एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर विभागों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

आयोजक विवेक चौहान ने बताया कि एक्सपो स्थानीय व्यापारियों और स्टार्टअप्स के लिए लाभकारी होगा। यहां आयुर्वेदिक, हर्बल, फूड प्रोसेसिंग, एरोमा प्रोडक्ट्स, कोकोनट डेवलपमेंट बोर्ड, हस्तशिल्प और एग्रीकल्चर से जुड़े स्टॉल मुख्य आकर्षण हैं। आने वाले दिनों में एमएसएमई ग्रोथ, स्टार्टअप्स और आधुनिक कृषि तकनीकों पर सेमिनार, वर्कशॉप और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस होंगी।

सिक्किम हॉर्टिकल्चर विभाग की अधिकारी श्रुति सेफई ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय मंच से ऑर्गेनिक उत्पादों को देशभर में पहचान मिलती है और राज्यों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होते हैं। स्थानीय व्यापारी विकास कुमार ने कहा कि इससे लोकल उत्पादों की ब्रांडिंग और नेटवर्किंग को बढ़ावा मिलेगा। ड्रोन टेक कंपनी क्रॉसविंड सॉल्यूशंस के रोहन शर्मा ने बताया कि छात्र यूएवी और रोबोटिक्स में खासी रुचि दिखा रहे हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story