अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज के साइकिलिस्ट रुद्रप्रयाग पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now

-658 किलोमीटर की अंतरराष्ट्रीय साइकिल रेस में देश-विदेश के साइकिलिस्ट ले रहे हिस्सा, तिलवाड़ा में होगा रात्रि विश्राम

रुद्रप्रयाग, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पंचम अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 में प्रतिभाग कर रहे साइकिलिस्ट रविवार को रुद्रप्रयाग पहुंचे। प्रतियोगिता के तहत साइकिलिस्ट बागेश्वर से विभिन्न पर्वतीय मार्गों से होते हुए यहां पहुंचे हैं। उनका रात्रि विश्राम तिलवाड़ा में होगा।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) के तकनीकी सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 20 से 26 नवंबर तक चल रही है। इसके तहत मुक्तेश्वर (नैनीताल) से मसूरी (देहरादून) तक 658 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में देश-विदेश के साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को तिलवाड़ा में विश्राम दिवस रहेगा। इसके बाद 24 नवंबर को साइकिलिस्ट टिहरी के कोटी कॉलोनी के लिए रवाना होंगे।

साइकिलिस्टों के सुरक्षित आवागमन और ठहरने के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन ने निर्धारित मार्ग पर यातायात नियंत्रण, सुरक्षा और समन्वय की व्यवस्था की है। तिलवाड़ा में ठहरने, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के भी प्रबंध किए गए हैं।

रविवार को आयोजित रेस के चरण में हरियाणा के शिवेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लद्दाख के त्सेवांग नोरबू दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती तीसरे स्थान पर रहे।

उल्लेखनीय है कि यह साइकिल रेस कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के 10 जनपदों से होकर गुजर रही है। इसका उद्देश्य उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही प्रदेश को साइकिलिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना भी इसका लक्ष्य है।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781396 Articles

Share this story