एक्सपो में छात्रों और युवाओं का दिखा उत्साह, कृषि उत्पाद बने आकर्षण

WhatsApp Channel Join Now
एक्सपो में छात्रों और युवाओं का दिखा उत्साह, कृषि उत्पाद बने आकर्षण


हरिद्वार, 22 अगस्त (हि.स.)। प्रेमनगर आश्रम में चल रहे चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन शनिवार को छात्रों और युवाओं की विशेष रुचि देखने को मिली। युवाओं ने विभिन्न स्टॉलों पर उत्पादों की जानकारी लेने के साथ उद्यमियों से उत्पाद निर्माण, विपणन और स्वरोजगार के अवसरों पर संवाद किया।

रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने एक्सपो का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और कृषि एवं बागवानी उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन के साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

आयोजक भारत बालियान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एमएसएमई की भूमिका महत्वपूर्ण है। छोटे उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। एक्सपो का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से आए उद्यमियों, किसानों और खरीदारों को एक मंच पर लाना है, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिल सके।

‘वाइब्रेंट उत्तराखंड’ के तहत भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित एक्सपो में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के अलावा तेलंगाना के फल-फूल, सिक्किम के जैविक उत्पादों से तैयार शरबत तथा विभिन्न राज्यों के कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभागों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने जैविक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, स्टार्टअप और एमएसएमई क्षेत्र से जुड़ी जानकारी ली। आयोजकों के अनुसार एक्सपो का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों से जोड़ते हुए स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना भी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story