'हिलांस' रिटेल आउटलेट से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा स्थायी बाजार

WhatsApp Channel Join Now
'हिलांस' रिटेल आउटलेट से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा स्थायी बाजार


हरिद्वार, 4 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने की दिशा में हरिद्वार में प्रदेश का पहला 'हिलांस' रिटेल आउटलेट उपभोक्ताओं के लिए शनिवार को खोल दिया गया।

ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सहयोग से स्थापित इस आउटलेट का शुक्रशार शाम उद्घाटन रीप की राज्य परियोजना निदेशक झरना कामठान ने किया। रिटेल आउटलेट में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार स्थानीय खाद्य उत्पाद,पारंपरिक हस्तशिल्प,जैविक उत्पाद,मसाले,मिलेट आधारित खाद्य सामग्री,हस्तनिर्मित वस्तुएं और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विभिन्न उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं। इससे महिला समूहों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी मंच मिलेगा,वहीं उपभोक्ताओं को स्थानीय उत्पाद एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेंगे।

इस माैके पर झरना कामठान ने कहा कि'हिलांस' रिटेल आउटलेट महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने, उनकी आय बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि 'लखपति दीदी'अभियान के तहत हजारों महिलाओं को सफल उद्यमी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और यह आउटलेट उस लक्ष्य को गति देगा।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां स्थापित यह आउटलेट उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रीप के जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना ने बताया कि प्रदेश के पहले 'हिलांस' रिटेल आउटलेट का संचालन श्रद्धा महिला स्वायत्त सहकारिता की ओर से किया जाएगा। कार्यक्रम में हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story