उत्तराखंड में एनईपी-2020 के प्रावधान शत-प्रतिशत लागू होंगे : धन सिंह रावत

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में एनईपी-2020 के प्रावधान शत-प्रतिशत लागू होंगे : धन सिंह रावत


देहरादून, 29 जुलाई (हि.स.) उत्तराखंड में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी) के सभी प्रावधानों को शत-प्रतिशत लागू किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को राज्य उच्च शिक्षा परिषद की 13वीं बैठक में यह जानकारी दी। बैठक में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

सचिवालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. रावत ने बताया कि परिषद की बैठक में एक दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें देवभूमि उद्यमिता कार्यक्रम, संकाय विकास कार्यक्रम, भारतीय ज्ञान प्रणाली, पीएम-ऊषा योजना, निजी विश्वविद्यालय मॉडल अधिनियम और समर्थ पोर्टल के उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा क्षेत्र में सुधारों को गति देने के लिए राज्य उच्च शिक्षा परिषद की बैठक अब प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में एनईपी-2020 के प्रावधानों के क्रियान्वयन, महाविद्यालयों को स्वायत्तता प्रदान करने, शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े निर्णय लिए जाएंगे।

उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि आगामी छह माह में प्रत्येक विश्वविद्यालय में पांच और प्रत्येक महाविद्यालय में दो सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश के मंत्री और विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही 10 से 15 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थानों में तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक और कर्मचारी भी भाग लेंगे।

बैठक में कैरियर एडवांसमेंट स्कीम, भारत दर्शन योजना के लिए प्रतिभागियों का चयन, नए पाठ्यक्रमों का संचालन, परीक्षा परिणाम संबंधी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, स्वायत्तशासी एवं आदर्श महाविद्यालयों के निरीक्षण, प्राध्यापकों के प्रशिक्षण, एंटी ड्रग सेल के गठन सहित अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा कर निर्णय लिए गए।

बैठक में उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, जयपाल चौहान, पद्मभूषण डॉ. अनिल जोशी, सचिव उच्च शिक्षा बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story