हेमकुंड यात्रा प्रकरण को सांप्रदायिक रंग देने वालों पर होगी कार्रवाई : शैलेश बगोली

WhatsApp Channel Join Now
हेमकुंड यात्रा प्रकरण को सांप्रदायिक रंग देने वालों पर होगी कार्रवाई : शैलेश बगोली


हेमकुंड यात्रा प्रकरण को सांप्रदायिक रंग देने वालों पर होगी कार्रवाई : शैलेश बगोली


- आईजी गढ़वाल को निष्पक्ष जांच के निर्देश, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से मांगी गई रिपोर्ट

देहरादून, 20 जून (हि.स.)। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान हाल ही में सामने आए विवादित प्रकरण को लेकर उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए कहा है कि मामले को किसी भी प्रकार से धार्मिक या सांप्रदायिक रंग देना उचित नहीं है।सरकार ने चेतावनी दी है कि मामले को सांप्रदायिक स्वरूप देने और भ्रामक प्रचार करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सचिव गृह शैलेश बगोली ने शनिवार को कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दोनों पक्षों के बीच विवाद और भावनात्मक आवेश से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में सभी धर्मों और आस्थाओं का समान सम्मान है और राज्य की पहचान सद्भाव, शांति और परस्पर सम्मान की संस्कृति से रही है।

बगोली ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए आईजी गढ़वाल को निर्देश दिए गए हैं। सभी पक्षों की बात सुनने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से पूरे प्रकरण की स्थिति रिपोर्ट भी तलब की गई है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने और सामाजिक वैमनस्य पैदा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

सचिव गृह ने बताया कि श्रद्धालुओं और आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए शिकायत निवारण तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में संचालित चारधाम सेल को हेमकुंड साहिब यात्रा से भी जोड़ा जाएगा और यात्रा अवधि के दौरान यह व्यवस्था 24 घंटे कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन सभी श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं के प्रति प्रतिबद्ध हैं। किसी भी विवाद या अप्रिय घटना का निस्तारण विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत किया जाएगा तथा कानून को हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

बगोली ने सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और संबंधित पक्षों से संयम बनाए रखने और किसी भी शिकायत की स्थिति में प्रशासन और पुलिस द्वारा स्थापित वैधानिक व्यवस्था का सहारा लेने की अपील की।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story