दुर्गम क्षेत्रों के लिए हेलीकॉप्टर स्वास्थ्य सेवा शुरू, जखोली से गर्भवती महिला काे किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गम क्षेत्रों के लिए हेलीकॉप्टर स्वास्थ्य सेवा शुरू, जखोली से गर्भवती महिला काे किया रेस्क्यू


देहरादून, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के लिए हेलीकॉप्टर आधारित स्वास्थ्य परिवहन सेवा की बुधवार को शुरुआत के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। इसे दुर्गम क्षेत्रों में आपात स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशन में शुरू की गई इस सेवा का उद्देश्य आपात स्थिति में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इस पहल के तहत पहला सफल मामला बुधवार को सामने आया, जब रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र से एक गर्भवती महिला को हेलीकॉप्टर के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। समय पर उपचार मिलने से महिला की स्थिति सुरक्षित की जा सकी।

राज्य सरकार का कहना है कि इस सेवा से विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को लाभ मिलेगा, जो समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण गंभीर जोखिम का सामना करती हैं। हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलने और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आने की संभावना जताई गई है।

इस योजना के क्रियान्वयन में स्वास्थ्य विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग के बीच समन्वय स्थापित किया गया है,जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और समावेशी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि यह पहल विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए जीवन रक्षक साबित हो सकती है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में इस सेवा का विस्तार किया जाएगा,ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story