उफनते गदेरे में बहा पुल, महिला का एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
उफनते गदेरे में बहा पुल, महिला का एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू


घनसाली, 06 अगस्त (हि.स.)। टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के पुंडोली गांव में भारी बारिश के चलते भेलगड्डी गदेरा उफान पर आ गया। गदेरे के तेज बहाव में ग्रामीणों के आवागमन के लिए बनाया गया लकड़ी का पुल बह गया। पुल बहने से गांव का एकमात्र संपर्क मार्ग बंद हो गया।

गुरुवार सुबह से क्षेत्र में हो रही तेज बारिश के कारण नैलचामी क्षेत्र का भेलगड्डी गदेरा उफान पर आ गया। इसी दौरान पुंडोली गांव को जोड़ने के लिए कुछ दिन पहले बनाया गया लकड़ी का पुल बह गया। पुल टूटने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

ग्रामीण चंद्र सिंह और प्रधान संगठन के अध्यक्ष यशवंत गुसाईं ने बताया कि गांव की विजय लक्ष्मी पत्नी गबर सिंह सुबह पशुओं के लिए चारा लेने गदेरे के दूसरी ओर स्थित छानी गई थीं। करीब सात बजे जब वह वापस लौटने लगीं तो देखा कि पुल बह चुका है। गदेरा तेज बहाव में होने के कारण महिला वहीं फंस गई और प्रशासन से मदद मांगी गई।

सूचना मिलते ही एसडीएम मंजू राजपूत पुलिस और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने रस्सी के सहारे कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और नदी-गाड गदेरों के उफान की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुंडोली गांव में स्थायी पुल निर्माण की मांग की है।

रेस्क्यू अभियान में तहसीलदार हरीश जोशी, थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव और एसडीआरएफ इंस्पेक्टर गबर सिंह नेगी सहित टीम के सदस्य शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Surendra Nautiyal

Share this story