कारभार संभालने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने दून अस्पताल का किया निरीक्षण,व्यवस्थाओं समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
कारभार संभालने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने दून अस्पताल का किया निरीक्षण,व्यवस्थाओं समीक्षा की


देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार मंत्री सुबोध उनियाल ने सोमवार को दून अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।मंत्री उनियाल ने उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात की और उनके हाल-चाल जाने। उनसे उपलब्ध कराई जा रहीं सुविधाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी प्राप्त किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में बेहतर समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए, ताकि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। मंत्री उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों को सुलभ, सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और समीक्षा जारी रखी जाएगी, ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story