श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा की पीठाधीश्वर पहुंचीं नैनीताल

WhatsApp Channel Join Now
श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा की पीठाधीश्वर पहुंचीं नैनीताल


नैनीताल, 30 जून (हि.स.)। श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा की जगदाचार्य पीठाधीश्वर महंत स्वामी आराध्या सरस्वती के नैनीताल आगमन पर विधायक सरिता आर्या ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर नैनीताल की आध्यात्मिक धरोहर, सनातन संस्कृति व धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर भाजपा नैनीताल मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक भारत मेहरा, ज्योति ढोंडियाल, मीरा बिष्ट सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस दौरान स्वामी आराध्या सरस्वती ने मां नैना देवी मंदिर एवं हनुमानगढ़ में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

विधायक सरिता आर्या ने उन्हें बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मंदिर माला मिशन के माध्यम से उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ नयना देवी मंदिर को नई पहचान दी जा रही है तथा नैनीताल को उसके वास्तविक स्वरूप, एक महत्वपूर्ण शक्तिपीठ एवं आध्यात्मिक नगरी, के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मां नयना देवी मंदिर वह पावन स्थल है, जहां माता सती के नयन गिरने की मान्यता है। इस कारण नैनीताल का विशेष धार्मिक महत्व है। इस धरोहर को देश-विदेश के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने तथा स्थानीय जनता को धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

स्वामी आराध्या सरस्वती ने कहा कि सनातन संस्कृति, सेवा और राष्ट्र निर्माण एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक संरक्षण के माध्यम से उत्तराखंड विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता रखता है। इसके बाद स्वामी आराध्या सरस्वती ने विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर भी दर्शन किए व आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ के संकल्प व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के प्रयासों की भी सराहना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story