खतीब अहमद मलिक पुनः उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष नियुक्त
हरिद्वार, 21 फ़रवरी (हि.स.)।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर द्वारा जारी पत्र के अनुसार राज्य सरकार ने खतीब अहमद मलिक को पुनः उत्तराखंड राज्य हज समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी पुनर्नियुक्ति की सूचना मिलते ही हज हाउस पिरान कलियर में समर्थकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
समर्थकों का कहना है कि मलिक के नेतृत्व में प्रदेश के हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया, जिससे समिति की कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव आया है। हज यात्रियों की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने में उनकी भूमिका को सराहा जा रहा है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड राज्य हज समिति प्रदेश के हज यात्रियों की व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं का संचालन करती है। ऐसे में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अहम मानी जाती है। ऐसे में खतीब अहमद मलिक की दोबारा ताजपोशी पर खुशी का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

