उत्तराखंड में बारिश से अलर्ट मोड में प्रशासन, टिहरी से हरिद्वार तक गंगा पर नजर

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में बारिश से अलर्ट मोड में प्रशासन, टिहरी से हरिद्वार तक गंगा पर नजर


हरिद्वार, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। टिहरी से लेकर देवप्रयाग, ऋषिकेश और हरिद्वार तक गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि फिलहाल राहत की बात यह है कि सभी प्रमुख स्थानों पर नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से करीब एक मीटर नीचे बना हुआ है।

टिहरी प्रशासन के मुताबिक, इस समय टिहरी बांध का वाटर लेवल 812.38 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि बांध से औसत डिस्चार्ज करीब 543 क्यूसेक है।

वहीं, देवप्रयाग और ऋषिकेश में भी गंगा का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से करीब एक मीटर नीचे है। हरिद्वार में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे गंगा का जलस्तर 292.05 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी स्तर से लगभग एक मीटर कम बताया जा रहा है।

चमोली की घटना के बाद प्रशासन और सतर्क

हाल ही में चमोली में सामने आई जलस्तर से जुड़ी घटना को देखते हुए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। उत्तरी गंगनहर प्रशासन की टीम लगातार जलस्तर के वाटर लेवल मार्क्स की निगरानी कर रही है। अधिकारियों की ओर से संबंधित टीमों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल टिहरी से हरिद्वार तक गंगा का जलस्तर सामान्य के आसपास बना हुआ है। बावजूद इसके पहाड़ों में बारिश जारी रहने के कारण प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता और नदियों के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story