कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक


कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक


हरिद्वार, 17 नवंबर (हि.स.)। कुम्भ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में सोमवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेसन और अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात, आतंकवाद निरोधक उपायों, अभिसूचना तंत्र और साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के प्रारंभ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला आयुष अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तैयारियों की जानकारी दी। तत्पश्चात आईजी कुम्भ मेला योगेन्द्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों और कार्ययोजनाओं के बारे में बताया।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर जोर-

बैठक में प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग प्लान, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर चर्चा हुई। प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा, वॉच टावर और बम निरोधक दस्ते द्वारा एंटी सबोटाज चेकिंग की कार्ययोजना तैयार की गई।

आतंकवाद, संगठित अपराध और अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए एटीएस, एसटीएफ और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था की समीक्षा की गई।

साइबर सुरक्षा और तकनीक आधारित निगरानी-

कुम्भ के दौरान साइबर खतरों से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा और डिजिटल निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों और संदिग्ध गतिविधियों की सतत निगरानी, साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए कार्ययोजना बनाई गई।

इसके साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर , सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली, संचार व्यवस्था और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

यातायात, रेलवे और अग्निशमन व्यवस्था-

मेला क्षेत्र में यातायात संचालन, पार्किंग स्थलों के चयन, होल्डिंग एरिया और वैकल्पिक यातायात योजना की समीक्षा की गई। बॉटलनेक प्वाइंट्स को चिह्नित कर उनके प्रबंधन पर चर्चा हुई। रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, जीआरपी की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था देखी गई। अग्निशमन सुरक्षा और फायर सेफ्टी परीक्षण पर भी विचार-विमर्श हुआ।

पुलिस बल और आधारभूत संरचना-

बैठक में सीएपीएफ, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन किया गया। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के साथ समन्वय, जवानों के आवास, भोजन, पेयजल और प्रशिक्षण की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। निर्माणाधीन थानों, चौकियों और पुलिस लाइनों के कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

एडीजी ने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं, तकनीकी संसाधनों और प्रशिक्षित कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और सत्यापन अभियान प्रभावी रूप से चलाया जाए।

बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस लाइन ऋषिकुल, प्रमुख स्नान घाटों, रेलवे स्टेशनों, पार्किंग और संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में आईजी विम्मी सचदेवा, आईजी कृष्ण कुमार वी.के., आईजी नीलेश आनन्द भरणे, आईजी अनन्त शंकर ताकवाले, आईजी राजीव स्वरूप, आईजी सुनील मीणा, आईजी योगेन्द्र सिंह रावत, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story