कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का एडीजी ने लिया जायजा,यातायात प्लान को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का एडीजी ने लिया जायजा,यातायात प्लान को दिए निर्देश


हरिद्वार, 07 अगस्त (हि.स.)। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन गुरुवार को कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने एडीजी को वर्तमान यातायात प्लान, राष्ट्रीय राजमार्ग और कांवड़ पटरी की स्थिति के साथ ही अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके कांवड़ियों की संख्या और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ.मुरूगेशन ने एसएसपी नवनीत सिंह और एसपी ट्रैफिक निशा यादव को निर्देश दिए कि डाक कांवड़ के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान को समय के अनुसार प्रभावी किया जाए। उन्होंने पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम निकासी सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story