भारी बारिश से जलभराव के कारण लोगों ने झेली परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
भारी बारिश से जलभराव के कारण लोगों ने झेली परेशानी


हरिद्वार, 04 सितंबर (हि.स.)। शुक्रवार को सवेरे से दोपहर तक हुई बारिश से हरिद्वार, ज्वालापुर, कनखल सहित शहर की तमाम सड़कों पर जल भराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दुकानों में बरसात का पानी घुस गया। जिससे व्यापारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। भगत सिंह चौक के समीप रेल पुलिया के नीचे जलभराव होने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। लगातार बारिश होने से सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। ज्वालापुर के कटहरा बाजार, चौक बाजार, गुरुद्वारा रोड, रेलवे फाटक के अलावा भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल, भूपतवाला आदि तमाम इलाकों में सड़कों पर जलभराव होने से जनजीवन प्रभावित रहा।भगत सिंह चौक पर पानी की निकासी नहीं होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंप की मदद से पानी की निकासी कराई। भगत सिंह चौक से टिबड़ी अंडरपास और पुराने रानीपुर मोड़ तक वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। उत्तरी हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग और खड़खड़ी क्षेत्र में भी जलभराव से लोग परेशान रहे। भीमगोड़ा और सब्जी मंडी बाजार में बारिश के पानी के साथ पहाड़ों से आई सिल्ट जमा हो गई। सड़क पर मिट्टी और पानी से कीचड़ बनने के कारण लोगों को पैदल चलने में भी दिक्कत हुई। कनखल के लाटोवाली, रविदास बस्ती, ज्वालापुर रोड और कोतवाली रोड पर भी जलभराव रहा। ज्वालापुर के कटहरा बाजार चौक बाजार पीठ बाजार सर्राफा बाजार पुरानी सब्जी मंडी पुरानी अनाज मंडी पांवधोई ब्रह्मपुरी और सुभाष नगर में भी पानी भर गया। तेज बारिश के कारण लोग अपने घरों में कैद रहे। हालांकि बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story