सावन की पहली बारिश बनी आफत: खड़खड़ी की सुखी नदी में तेज बहाव, तीन वाहन बहे

WhatsApp Channel Join Now
सावन की पहली बारिश बनी आफत: खड़खड़ी की सुखी नदी में तेज बहाव, तीन वाहन बहे


हरिद्वार, 30 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास की शुरुआत गुरुवार को झमाझम बारिश के साथ हुई। सावन के पहले दिन हुई बारिश से जहां शिवभक्तों और हरिद्वारवासियों में खुशी का माहौल रहा, वहीं लगातार हो रही वर्षा ने शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा कर दी।

लगातार बारिश के कारण खड़खड़ी स्थित सुखी नदी में अचानक तेज बहाव आ गया और नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी किनारे खड़े तीन वाहन तेज धारा की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में जुट गया।

प्रशासन के अनुसार फिलहाल इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों, पुलों और रपटों को पार करने का प्रयास न करें तथा नदी-नालों के किनारे वाहन खड़े करने से बचें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story