भारी बारिश से हरिद्वार बेहाल, जिलाधिकारी ने स्वयं किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
भारी बारिश से हरिद्वार बेहाल, जिलाधिकारी ने स्वयं किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण


हरिद्वार, 09 जुलाई (हि.स.)। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं सड़कों पर उतरे। उन्होंने गुरुवार को भगत सिंह चौक,रानीपुर मोड़,कनखल स्थित गुरुबख्श विहार तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमनानंद अस्पताल के निकट जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में 180 मिमी., रुड़की क्षेत्र में 160 मिमी. और हरिद्वार क्षेत्र में 122 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी का कार्य तत्काल प्रभाव से कराया जाए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं यातायात विभाग को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां आवश्यकता अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाए। ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल जल निकासी की कार्रवाई की जाए और आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जाए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, श्रद्धालुओं एवं विशेष रूप से नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की कि भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। सभी लोग सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से गंगा घाटों व नदी किनारों की ओर न जाएं।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story