छठ घाटों पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह, व्रतियों को दी शुभकामनाएं
हरिद्वार, 15 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व के पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं सांसद राधा मोहन सिंह ने रविवार को हरिद्वार के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर व्रतधारी श्रद्धालुओं से भेंट की और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। उनके साथ महापौर किरण जैसल और भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी भी मौजूद रहे।
सर्वप्रथम राधा मोहन सिंह गोविंद घाट पहुंचे, जहां उन्होंने छठ व्रतधारी महिलाओं एवं पुरुषों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद उन्होंने विश्व प्रसिद्ध हर की पौड़ी पहुंचकर मां गंगा के दर्शन किए और श्रद्धालुओं से भेंट की। इसके पश्चात सप्तसरोवर घाट पहुंचकर उन्होंने व्रतियों की आस्था और श्रद्धा को नमन किया।
इस अवसर पर राधा मोहन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व सूर्य उपासना, अनुशासन, स्वच्छता और परिवार व समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है। छठी मैया और भगवान सूर्य की उपासना से देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार धर्म और आस्था की नगरी है, जहां सभी पर्व आपसी भाईचारे और श्रद्धा के साथ मनाए जाते हैं। छठ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति हरिद्वार की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को दर्शाती है।
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। घाटों पर श्रद्धालुओं का उत्साह हमारी सांस्कृतिक एकता का परिचायक है। इस दौरान पूर्व पार्षद अनिल मिश्रा, चंद्रकांत पांडे, अजीत कुमार, उज्ज्वल पंडित, आकाश भाटी आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

