हरिद्वार में दीपावली की आतिशबाजी के बाद बढा प्रदूषण, एक ही रात में एक्यूआई 115 से 168 पर पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में दीपावली की आतिशबाजी के बाद बढा प्रदूषण, एक ही रात में एक्यूआई 115 से 168 पर पहुंचा


हरिद्वार, 09 नवंबर (हि.स)। दीपावली पर जमकर हुई आतिशबाजी के बाद हरिद्वार की हवा में जहर घुल गया है। पिछले एक सप्ताह से धीरे-धीरे बढ़ रहा प्रदूषण दीपावली की रात अचानक खतरनाक स्तर पर पहुंच गया।

देवपुरा स्थित ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के पास लगे वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) एक ही रात में 53 अंकों की छलांग लगाकर 168 पर पहुंच गया है, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

एक सप्ताह से बढ़ रहा था ग्राफ

नवंबर की शुरुआत से ही शहर की हवा बिगड़ने लगी थी। 1 नवंबर को एक्यूआई 90 था, जो 2 नवंबर को 93, 3 को 95, 4 को 96 और 5 नवंबर को 97 दर्ज किया गया। 6 नवंबर को यह 110 और 7 नवंबर को 115 तक पहुंच गया था। 8 नवंबर को दीपावली की रात पटाखों के धुएं ने इसे सीधे 168 पर पहुंचा दिया।

पीएम(कणिकीय पदार्थ)-10 लगभग दोगुना

सबसे ज्यादा असर हवा में घुले बारीक कण पीएम-10 पर दिखा है। 7 नवंबर को इसका स्तर 105.23 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो दीपावली के दिन बढ़कर 201.54 हो गया। यानी महज 24 घंटे में 92 प्रतिशत की बढ़ोतरी। वहीं पीएम-2.5 भी 64.56 से बढ़कर 75.46 पर पहुंच गया। इसके साथ ही सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड की मात्रा में भी इजाफा हुआ है।

पिछले साल से थोड़ी राहत

हालांकि इस बार स्थिति पिछले साल से थोड़ी बेहतर रही। पिछले साल दीपावली पर हरिद्वार का एक्यूआई 190 तक पहुंच गया था, इस बार से 22 अंक ज्यादा।चिकित्सकों का कहना है कि मध्यम श्रेणी का प्रदूषण भी दमा, हृदय रोग, बच्चों और बुजुर्गों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। लोगों को सुबह की सैर में एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774470 Articles

Share this story