हरेला प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का जनआंदोलन: धामी

WhatsApp Channel Join Now
हरेला प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का जनआंदोलन: धामी


प्रदेश में 10 लाख पौधे लगाने का संकल्प दोहराया, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने का किया आह्वान

देहरादून, 16 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं,बल्कि प्रकृति संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता से जुड़ने का जनआंदोलन है। उन्होंने प्रदेशवासियों से हरेला के अवसर पर अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

गुरुवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित लोक संवर्धन पर्व के अंतर्गत हरेला उत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक परंपराओं, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ता है और प्रदेश का अल्पसंख्यक समाज भी पूरे उत्साह के साथ इसमें भागीदारी कर रहा है, जो उत्तराखंड की साझा सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष हरेला पर्व पर पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है और सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत उत्तराखंड में दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक लगभग 1.15 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व राज्य के लोक कलाकारों, शिल्पकारों, बुनकरों, हस्तशिल्प विशेषज्ञों और पारंपरिक उत्पादों से जुड़े कारीगरों को प्रोत्साहन देने का प्रभावी मंच है। स्थानीय उत्पादों की खरीद राज्य की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ हजारों परिवारों की आजीविका को भी मजबूती प्रदान करती है।

उन्होंने प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके गीतों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, लोक कलाकार, शिल्पकार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story