09 से 17 अगस्त तक हरिद्वार में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
09 से 17 अगस्त तक हरिद्वार में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान


हरिद्वार, 06 अगस्त (हि.स.)। जनपद हरिद्वार में 09 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा-थीम आधारित रोशनी, तिरंगा सेल्फी बूथ तथाI विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी भवनों, पुलों, सड़कों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा-थीम आधारित रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा।

विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगे पर आधारित विविध प्रतियोगिताएं, वंदे मातरम जैसे राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना विकसित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों, विकास खंडों तथा सभी विभागों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story