चंपावत में धामी ने 11 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का अनावरण किया

WhatsApp Channel Join Now
चंपावत में धामी ने 11 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का अनावरण किया


-बनबसा के पाटनी तिराहे का नाम हनुमान चौक करने की घोषणा

चंपावत, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंपावत जिले के बनबसा में 11 फीट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया और पाटनी तिराहे का नाम बदलकर ‘हनुमान चौक’ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान नशामुक्त देवभूमि के संकल्प के तहत आयोजित ‘नशामुक्ति सद्भावना दौड़’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने पाटनी तिराहे पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के बाद हनुमान प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने सुंदरकांड पाठ में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर आयोजित भजन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्र और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी राज्य की उन्नति और प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने और प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि और सैन्यभूमि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की गई है। धामी के अनुसार, राज्य में नकल-विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और 33,000 से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया और उनसे बातचीत की।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी,भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा,जिलाधिकारी मनीष कुमार,पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763214 Articles

Share this story