हनुमान जयंती पर बाइक रैली, देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी

WhatsApp Channel Join Now
हनुमान जयंती पर बाइक रैली, देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी


देहरादून, 01 अप्रैल (हि.स.)। देहरादून पुलिस ने 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर प्रस्तावित बाइक रैली के मद्देनजर विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। रैली के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा।

प्रस्तावित रैली गुरुवार की सुबह 11 बजे हिन्दू नेशनल इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, गांधी रोड, दर्शनलाल चौक, अंबेडकर पार्क, पल्टन बाजार, हनुमान चौक और कांवली रोड होते हुए पुनः प्रारंभ स्थल पर समाप्त होगी। यातायात पुलिस के अनुसार निरंजनपुर मंडी, लालपुल, मातावाला बाग कट, बल्लूपुर, लक्ष्मण चौक, तहसील चौक, दून चौक, घंटाघर, दर्शनलाल चौक और कांवली रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। रैली के गुजरने तक संबंधित मार्गों पर सामान्य यातायात आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा तथा रैली के आगे बढ़ने के साथ ही यातायात को क्रमवार बहाल किया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित रूट से बचते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story