हल्द्वानी दुष्कर्म मामला: कांग्रेस ने सरकार को घेरा, निष्पक्ष जांच और कड़ी सजा की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
हल्द्वानी दुष्कर्म मामला: कांग्रेस ने सरकार को घेरा, निष्पक्ष जांच और कड़ी सजा की मांग की


देहरादून, 14 नवंबर (हि.स.)। हल्द्वानी में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने घटना को अत्यंत गंभीर और शर्मनाक बताते हुए कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने के साथ आरोपितों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।

शनिवार को राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. रावत ने कहा कि पुलिस के अनुसार मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक आरोपित एमबीपीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी के रूप में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुका है। उन्होंने कहा कि यदि छात्र राजनीति से जुड़े किसी व्यक्ति पर इतने गंभीर अपराध के आरोप लगे हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच के दायरे में होटल प्रबंधन की भूमिका को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल आरोपितों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकने में प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि मामले की समयबद्ध जांच कर दोष सिद्ध होने पर आरोपितों को कठोरतम कानूनी सजा दी जाए। पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा, कानूनी सहायता तथा मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि उनका सवाल किसी एक संगठन या विचारधारा से नहीं, बल्कि उस मानसिकता और व्यवस्था से है, जिसमें अपराध करने वालों को कानून का भय नहीं रह गया है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा राजनीतिक बयानबाजी का विषय नहीं, बल्कि सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि सरकार महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए वास्तव में कौन से कड़े कदम उठा रही है।

नेगी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। प्रदेश में महिला अपराधों सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है और कानून-व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय होती नजर नहीं आ रही है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story