ओलावृष्टि से फसल नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें : मंत्री गणेश जोशी

WhatsApp Channel Join Now
ओलावृष्टि से फसल नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें : मंत्री गणेश जोशी


देहरादून, 02 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कृषि एवं उद्यान विभाग को प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

कृषि मंत्री ने शनिवार को दूरभाष पर निदेशक कृषि से वार्ता करते हुए स्पष्ट किया कि फसलों के नुकसान का वास्तविक आकलन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए,ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त सर्वे कराने के भी निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी प्रभावित किसान को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित की जाए,जिससे किसानों को समय पर सहायता मिल सके और उनकी आजीविका पर पड़े प्रभाव को न्यूनतम किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story