गुरुकुल कांगड़ी के छात्र ने राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया संस्थान का गौरव

WhatsApp Channel Join Now
गुरुकुल कांगड़ी के छात्र ने राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया संस्थान का गौरव


हरिद्वार, 09 अप्रैल (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के कंप्यूटर साइंस तृतीय वर्ष के छात्र कार्तिकेय गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर की 'माई भारत बजट क्वेस्ट' प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर संकाय में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें ओम पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया।

देशभर से लगभग 12 लाख युवाओं की भागीदारी वाली इस तीन चरणीय प्रतियोगिता में कार्तिकेय ने सभी चरण सफलतापूर्वक पार करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को बजट और आर्थिक नीतियों के प्रति जागरूक बनाना था।

संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले चरण में क्विज, दूसरे चरण में निबंध लेखन और अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ऑनलाइन संवाद शामिल था। चयनित प्रतिभागियों को 12 और 13 अप्रैल को आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे।

कार्तिकेय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, अभिभावकों और विश्वविद्यालय के सकारात्मक माहौल को दिया। इस अवसर पर संकाय के कई शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story