कालीशिला में हार्ट अटैक से गुजरात के श्रद्धालु की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कालीशिला में हार्ट अटैक से गुजरात के श्रद्धालु की मौत


रुद्रप्रयाग, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के कालीशिला क्षेत्र में हृदयाघात (हार्ट अटैक) से गुजरात के एक श्रद्धालु मौत हो गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने शनिवार को बताया कि गुजरात निवासी पर्वत भाई (44) शुक्रवार को कालीशिला क्षेत्र में हृदयाघात के कारण अचेत हो गए थे। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने डीडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को मौके पर भेजा।

उन्होंने बताया कि डीडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए उपयुक्त स्थान तैयार कराया। लगातार बदलते मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन और यूकाडा के समन्वित प्रयासों से हेलीकॉप्टर कालीशिला पहुंचा और श्रद्धालु को देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की गई, लेकिन श्रद्धालु का जीवन नहीं बचाया जा सका।

उधर, बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में सरयू नदी में बह गए आठ वर्षीय बालक का शव चार दिन बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 20 जुलाई को शिवालय मंदिर के समीप सरयू नदी में कपकोट निवासी आठ वर्षीय राजेश सिंह पुत्र नारायण सिंह के बह जाने की सूचना पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया था। लगातार तलाश के बाद 24 जुलाई को अर्सों-उत्तरौड़ा क्षेत्र के पास नदी से शव बरामद किया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story