मानदेय न मिलने पर अतिथि शिक्षकों का सांकेतिक धरना

WhatsApp Channel Join Now
मानदेय न मिलने पर अतिथि शिक्षकों का सांकेतिक धरना


चंपावत, 01 मार्च (हि.स.)। माध्यमिक अतिथि शिक्षक एसोसिएशन के बैनर तले अतिथि शिक्षकों ने दीर्घ अवकाश अवधि का मानदेय नहीं मिलने पर रविवार को सांकेतिक धरना देकर विरोध जताया। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि शीघ्र भुगतान नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

संगठन के जिलाध्यक्ष चंचल सिंह कुंवर के नेतृत्व में आयोजित धरने में वक्ताओं ने कहा कि शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी उनसे ऑनलाइन शैक्षणिक कार्य लिया जाता है, लेकिन इस बार मानदेय का भुगतान नहीं किया गया। उनका कहना है कि पूर्व में इस अवधि का भुगतान नियमित रूप से होता रहा है, किंतु वर्तमान में इसे रोक दिया गया है, जिससे अतिथि शिक्षकों में रोष व्याप्त है।

शिक्षकों ने आरोप लगाया कि फरवरी माह का मानदेय भी अब तक जारी नहीं किया गया है, जिससे त्योहारों के समय आर्थिक कठिनाई बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि समस्या का समाधान नहीं होने पर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

धरने में जिला महामंत्री नीरज जोशी, उपाध्यक्ष उमेश मिश्रा, अतुल कलखुड़िया, लक्ष्मी चंद सहित अनेक अतिथि शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story