मशरूम यूनिट के लिए दो महिलाओं को दिए चेक, उत्कृष्ट कार्य करने वाले समूह और महिलाएं सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 01 सितंबर (हि.स.)। उमंग स्वायत्त सहकारिता की वार्षिक आमसभा विकासखंड पौड़ी सभागार में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय, व्यवसायिक गतिविधियों, लाभांश वितरण और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सहकारिता से जुड़ी 388 महिलाओं को प्रति सदस्य एक हजार रुपये की दर से कुल 3.88 लाख रुपये का लाभांश वितरित किया गया।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में सहकारिता को करीब 3.30 लाख रुपये का लाभ हुआ। वहीं जुलाई 2026 तक सहकारिता ने 32.10 लाख रुपये का कारोबार कर 6.69 लाख रुपये का लाभ अर्जित किया है। व्यक्तिगत उद्यम के तहत मशरूम यूनिट स्थापित करने के लिए आशा देवी और रवीना देवी को 30 से 40 हजार रुपये के चेक दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य के लिए साधना देवी, शांति देवी और सुशीला देवी को सम्मानित किया गया। अल्ट्रा पुअर श्रेणी में प्रतिमा देवी और रश्मि देवी तथा उत्कृष्ट समूह के रूप में नगदेवता समूह को सम्मान मिला।

मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार और उद्यमिता गतिविधियों को बढ़ाने का आह्वान किया। खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

वर्ष 2020 में स्थापित उमंग सहकारिता वर्तमान में 31 गांवों, नौ ग्राम पंचायतों, 62 स्वयं सहायता समूहों और 10 रेखीय संगठनों से जुड़ी है। सहकारिता में 388 सदस्य हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अब तक करीब 41.25 लाख रुपये की परिसंपत्तियां और सहायता प्राप्त की जा चुकी हैं।

सहकारिता की ओर से 38 अल्ट्रा पुअर पैकेज, छह कृषि आधारित और सात गैर-कृषि आधारित उद्यम, बेड़ू फल प्रसंस्करण इकाई, कृषि मशीनरी बैंक और 10 मिनी रिटेलिंग पैक संचालित किए जा रहे हैं। आगामी योजना में माल्टा आधारित उत्पादों के बाजार शोध के साथ फेसवॉश, फेस पैक, फेस स्क्रब और बायो एंजाइम उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

इस दौरान नए निदेशक मंडल का गठन किया गया। उमा देवी को अध्यक्ष, दुर्गा देवी को कोषाध्यक्ष और दिगंबरी देवी को सचिव चुना गया। बैठक में रीप जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, ब्लॉक मिशन टीम तथा बड़ी संख्या में सहकारिता से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story