जयपुर के विद्यार्थियों ने किया गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पुस्तकालय और संग्रहालय का भ्रमण

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर के विद्यार्थियों ने किया गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पुस्तकालय और संग्रहालय का भ्रमण


हरिद्वार, 03 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय एवं संग्रहालय का श्री श्याम विद्यापीठ सेकेंडरी स्कूल, चंद्रवाजी, जयपुर (राजस्थान) के छात्र-छात्राओं के दल ने शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण दल में 10 सदस्य और 50 छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

इस दौरान विद्यार्थियों ने केंद्रीय पुस्तकालय में विभिन्न विषयों और पाठ्यक्रमों से संबंधित पुस्तकों की गैलरियों का अवलोकन किया। विशेष रूप से आर्य समाज के साहित्य और दुर्लभ पुस्तकों में उनकी रुचि रही। इसके अलावा संदर्भ पुस्तकालय में गुरुकुल पत्रिका, वैदिक पाथ, आर्य जगत से संबंधित साहित्य, हस्तलिखित ग्रंथों और भारतीय संविधान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पुस्तकों का अवलोकन किया।

इस अवसर पर सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष मदन लाल जाट ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय में उपलब्ध ऐतिहासिक ग्रंथों, पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तकों और ऑनलाइन साहित्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय के संग्रहालय का भी भ्रमण किया और वहां संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों को देखा।

श्री श्याम विद्यापीठ सेकेंडरी स्कूल के बीएस यादव ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी का केंद्रीय पुस्तकालय देश के प्रथम स्वदेशी पुस्तकालय और विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा का आभास कराता है। विद्यार्थियों ने भी पुस्तकालय को ज्ञान और दुर्लभ पुस्तकों का विशाल भंडार बताते हुए कहा कि यहां उन्हें अनेक महत्वपूर्ण और दुर्लभ ग्रंथों को देखने का अवसर मिला।

इस दौरान मनोज मिश्रा, विकास सिंह, आनंद बल्लभ जोशी, मनोज कुमार, नरेंद्र सिंह, इसम सिंह, अनुज कुमार और अमित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story