राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में देशभक्ति के गीतों से गूंजा प्रेक्षागृह, डीएवी पब्लिक स्कूल अव्वल

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में देशभक्ति के गीतों से गूंजा प्रेक्षागृह, डीएवी पब्लिक स्कूल अव्वल


देहरादून, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारत विकास परिषद की देहरादून शाखा की ओर से एमकेपी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि सविता कपूर ने कहा कि भारत विकास परिषद के कार्यक्रम सामाजिक चेतना जागृत करने के साथ समाज के सामने आदर्श प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों में देशभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. मुकेश गोयल ने बताया कि परिषद की पुस्तक चेतना के स्वर के आधार पर प्रत्येक टीम को एक हिंदी और एक संस्कृत गीत प्रस्तुत करना था। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, एमकेपी इंटर कॉलेज, श्री विद्या मंदिर नथुवावाला और श्री परशुराम संस्कृत विद्यालय की टीमों ने भाग लिया। सभी टीमों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

प्रतियोगिता में चार विद्यालयों की टीमों ने हिंदी और संस्कृत के देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समां बांधा। सुर, लय और ताल के साथ प्रस्तुत गीतों ने प्रेक्षागृह में देशभक्ति का वातावरण बना दिया।

प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्री परशुराम संस्कृत विद्यालय दूसरे और एमकेपी इंटर कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। निर्णायक मंडल में पीयूष निगम, विशाल मिश्रा और कमल चोपड़ा शामिल रहे। सभी प्रतिभागी टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर परिषद के सदस्य एवं ओज के कवि श्रीकांत श्री ने भगवा विषय पर कविता प्रस्तुत की। उनकी कविता ने उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष गोपाल गर्ग, डॉ. शैलेंद्र, खेमानंद, नितिन और प्रदीप सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761002 Articles

Share this story