खाताखेड़ी जनसंवाद शिविर में गूंजी ग्रामीणों की आवाज, कर्णवाल ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
खाताखेड़ी जनसंवाद शिविर में गूंजी ग्रामीणों की आवाज, कर्णवाल ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश


हरिद्वार, 05 जून (हि.स.)। समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति, उत्तराखण्ड सरकार के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने ग्राम खाताखेड़ी में आयोजित जनसमस्या समाधान एवं जनसंवाद शिविर में प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण के साथ किया गया। शिविर के दौरान भोजन माताओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि, शौचालय एवं आवास निर्माण, विधवा पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनहित से जुड़ी करीब 20 शिकायतें और समस्याएं सामने आईं। श्री कर्णवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कर्णवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार गांव, गरीब, किसान और जरूरतमंद नागरिकों तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनसंवाद शिविरों का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों और जिला मुख्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना है।

राज्य सरकार सुशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story