राज्यपाल ने देखी फिल्म ‘पायर’, 30 अक्टूबर को होगी रिलीज

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने देखी फिल्म ‘पायर’, 30 अक्टूबर को होगी रिलीज


-पलायन और बुजुर्ग दंपति की भावनात्मक कहानी पर आधारित है फिल्म

देहरादून, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने सोमवार को सेंट्रियो मॉल में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ की विशेष स्क्रीनिंग में फिल्म देखी। हिमालयी गांव में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की जिंदगी और पलायन से बदलते पारिवारिक रिश्तों पर आधारित यह फिल्म 30 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में निर्देशक विनोद कापड़ी के साथ मुख्य कलाकार हीरा देवी और पदम सिंह कापड़ी भी मौजूद रहे। फिल्म में 80 वर्षीय पदम सिंह कापड़ी और 70 वर्षीय हीरा देवी मुख्य भूमिकाओं में हैं। उत्तराखंड के निवासी दोनों कलाकारों ने इससे पहले कभी कैमरे का सामना नहीं किया था।

कुमाऊं हिमालय के एक सुदूर गांव की पृष्ठभूमि पर बनी ‘पायर’ एक ऐसे बुजुर्ग दंपति की कहानी है, जिनकी दुनिया उनका घर, उनकी यादें और एक-दूसरे का साथ है। उनके बच्चे बेहतर अवसरों की तलाश में गांव छोड़कर दूर जा बसे हैं। फिल्म के माध्यम से पलायन के कारण माता-पिता और बच्चों के बीच बढ़ती दूरी और बदलती पारिवारिक परिस्थितियों को दर्शाया गया है।

फिल्म में पदम सिंह कापड़ी ने अपने ही नाम का किरदार निभाया है। वह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। वहीं, हीरा देवी तुलसी की भूमिका में हैं, जो एक विधवा, गृहिणी और पूर्व नृत्यांगना हैं।

निर्देशक विनोद कापड़ी ने कहा कि ‘पायर’ मूल रूप से प्रेम की कहानी है। यह उन दो लोगों के बीच प्रेम को दर्शाती है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन साथ बिताया है। साथ ही, इसमें माता-पिता और उनके बच्चों के बीच के रिश्तों को भी दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि वह इस कहानी को ऐसे लोगों के माध्यम से कहना चाहते थे, जिन्होंने वास्तव में उस जीवन को जिया है। पदम सिंह और हीरा देवी के रिश्ते, उनकी खामोशी और भावनाओं ने फिल्म को स्वाभाविकता दी है।

भगीरथी फिल्म्स और मशकबीन स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण विनोद कापड़ी, सुरेश जोशी और अरिंद्र राय चौधरी ने किया है। फिल्म अब तक 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है, जिनमें 15 सर्वश्रेष्ठ फिल्म के पुरस्कार शामिल हैं। इसे वॉशिंगटन डीसी, शिकागो, कनाडा, स्पेन, बोस्टन, स्टटगार्ट, लंदन और बर्मिंघम में आयोजित फिल्म समारोहों में सम्मानित किया गया है। फिल्म को सर्बिया और बोस्टन में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार भी मिले हैं।

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में पूरी तरह से फिल्माई गई ‘पायर’ 14 से 17 अक्टूबर तक बेरीनाग, बागेश्वर और श्रीनगर गढ़वाल में भी दिखाई जाएगी। पिक्चरटाइम की मोबाइल थिएटर पहल के तहत आयोजित होने वाली इन विशेष स्क्रीनिंग का उद्देश्य उन क्षेत्रों में भी बड़े पर्दे पर फिल्म देखने की सुविधा उपलब्ध कराना है,जहां स्थायी सिनेमाघर नहीं हैं या उनकी सुविधाएं सीमित हैं। फिल्म ‘पायर’ 30 अक्टूबर 2026 को हिंदी और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759787 Articles

Share this story