राज्यपाल ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में की पूजा-अर्चना


देहरादून, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद दोनों धामों की उनकी यह पहली यात्रा थी।

राज्यपाल ने केदारनाथ में बाबा केदारनाथ और बदरीनाथ में भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और देश-प्रदेश के नागरिकों के कल्याण तथा उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।

इस दौरान उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि यहां की परंपराओं और आध्यात्मिक पहचान को बनाए रखना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से प्रदेश को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाने में योगदान देने की अपील की।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड देश को संस्कार देने वाली भूमि है और इसकी सांस्कृतिक विरासत अमूल्य धरोहर है। उन्होंने धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने, सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।

केदारनाथ में राज्यपाल की पत्नी भानुमति बिसेन और रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बदरीनाथ धाम में भी उनकी पत्नी उनके साथ थीं।

----+++++

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story