राज्यपाल ने किया ‘टीबी सील’ का अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने किया ‘टीबी सील’ का अनावरण


देहरादून, 07 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने बुधवार को लोक भवन में टीबी एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से क्षय रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ‘टीबी सील’ का अनावरण किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि क्षय रोग के उन्मूलन के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग या किसी एक संस्था के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण हथियार है। लोगों को बीमारी के लक्षणों, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने विशेष रूप से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि जानकारी अथवा स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में कोई व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे।

टीबी एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से प्रत्येक वर्ष अक्टूबर में क्षय रोग के प्रति जागरूकता अभियान के तहत ‘टीबी सील’ जारी की जाती है। पांच रुपये मूल्य की इस सील की बिक्री से प्राप्त धनराशि का उपयोग संस्था द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रमों और अन्य जनहितकारी गतिविधियों में किया जाता है।

एसोसिएशन की महासचिव पूनम किमोठी ने बताया कि राज्यपाल के सहयोग से पिछले वर्ष क्षय रोग से मुक्त हुई 10 महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन की तीनों डोज लगवाई गईं। इन महिलाओं को आजीविका संवर्धन के लिए सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं। संस्था की ओर से प्रतिमाह 13 क्षय रोगियों को निक्षय पोषण आहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story