राज्यपाल से मिले देवप्रयाग के मेधावी छात्र-छात्राएं, भारत दर्शन यात्रा के लिए दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल से मिले देवप्रयाग के मेधावी छात्र-छात्राएं, भारत दर्शन यात्रा के लिए दी शुभकामनाएं


देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने गुरुवार को लोक भवन में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भारत दर्शन शैक्षिक यात्रा पर जा रहे मेधावी छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और स्वयं पर विश्वास रखने की सीख दी।

देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी के प्रयासों से आयोजित इस शैक्षिक यात्रा के दौरान विद्यार्थी ऋषिकेश, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और रुड़की का भ्रमण करेंगे। राज्यपाल ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक यात्रा केवल पर्यटन का अवसर नहीं, बल्कि देश को करीब से जानने-समझने और नई चीजें सीखने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से यात्रा के दौरान जिज्ञासा के साथ नई चीजों को देखने-समझने और अनुभवों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि किताबों में पढ़े इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और लोकतंत्र को प्रत्यक्ष देखकर और अनुभव करके समझने से सीख अधिक प्रभावी होती है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में जिस भी क्षेत्र को चुनें, उसमें उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करें।

राज्यपाल ने बदलती दुनिया के साथ खुद को तैयार करने और आधुनिक तकनीक तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की जानकारी हासिल करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही उपयोग ज्ञान और अवसरों के नए द्वार खोल सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी परिस्थितियों को अपनी सीमा न बनने दें। देवप्रयाग की पहाड़ियों से निकलकर भी विद्यार्थी देश के श्रेष्ठ संस्थानों तक पहुंच सकते हैं। इसके लिए दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और स्वयं पर विश्वास जरूरी है।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से यात्रा के अनुभवों को लिखने और लौटकर अपने विद्यालय और साथियों के साथ साझा करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के अनुभव और नई सोच दूसरे बच्चों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

इस अवसर पर विधायक विनोद कण्डारी, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, शैक्षिक भ्रमण पर जा रहे छात्र-छात्राएं और अध्यापक उपस्थित रहे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story