राज्यपाल ने लोक-मिलन कार्यक्रम में सुनीं पूर्व सैनिकों और आमजन की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने लोक-मिलन कार्यक्रम में सुनीं पूर्व सैनिकों और आमजन की समस्याएं


राज्यपाल ने लोक-मिलन कार्यक्रम में सुनीं पूर्व सैनिकों और आमजन की समस्याएं


देहरादून, 21 अगस्त (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित लोक-मिलन कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और देहरादून से आए 14 लोगों ने भूमि, रोजगार, ग्राम विकास कार्यों सहित विभिन्न व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याएं राज्यपाल के समक्ष रखीं। राज्यपाल ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए निर्धारित समय सीमा में नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने शिकायत निवारण अधिकारी को प्राप्त प्रकरण तत्काल संबंधित जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को भेजने तथा उनके निस्तारण की नियमित निगरानी करने को कहा। राज्यपाल ने कहा कि लोक-मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का सीधे संज्ञान लेकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने भी राज्यपाल से मुलाकात की। मलेशिया में आयोजित एशियन पैरा थ्रो-बॉल प्रतियोगिता के पदक विजेता दिव्यांग खिलाड़ियों, काठमांडू में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के पदक विजेताओं तथा आइस स्टॉक नेशनल गेम्स की पदक विजेता शालिनी राणा ने राज्यपाल से भेंट की। राज्यपाल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमेश सिंह पाल, डॉ. कमल किशोर डुकलान और डॉ. हरेंद्र चौधरी ने अपनी स्वलिखित पुस्तकें राज्यपाल को भेंट कीं। राज्यपाल ने उनके साहित्यिक प्रयासों की सराहना की।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story