विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करेगी युवा शक्ति : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करेगी युवा शक्ति : राज्यपाल


देहरादून, 19 जुलाई (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है और यही 'अमृत पीढ़ी' वर्ष 2047 तक विकसित भारत एवं विश्वगुरु भारत के संकल्प को साकार करेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य के युद्ध केवल सीमाओं पर नहीं, बल्कि विचारों, नैरेटिव और सूचना के क्षेत्र में भी लड़े जाएंगे, इसलिए युवाओं को तथ्य एवं शोध आधारित राष्ट्रीय नैरेटिव के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी होगी।

राज्यपाल रविवार को देहरादून के थानो स्थित लेखक गांव में इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 15वीं यंग थिंकर्स मीट के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 'वार एंड नैरेटिव्स' विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज का युवा केवल सूचना का उपभोक्ता नहीं, बल्कि विचारों का निर्माता और समाज का मार्गदर्शक है। प्रत्येक युवा करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है और राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, मेटावर्स, साइबर सुरक्षा, सेमीकंडक्टर व अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों में दक्षता हासिल कर युवा भारत को ज्ञान, नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिला सकते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि भारत की सनातन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं को आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के साथ इसका समन्वय कर विकसित भारत के सशक्त, सकारात्मक और सत्याधारित नैरेटिव के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 15वीं यंग थिंकर्स मीट से निकले विचार भारत के वैचारिक भविष्य को नई दिशा देंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने युवा विचारकों को सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल 'निशंक', इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राम माधव, देशभर से आए विशेषज्ञ, शिक्षाविद और युवा विचारक उपस्थित रहे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story