संविधान दिवस पर राज्यपाल ने लोक भवन में दिलाई संविधान की उद्देशिका की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
संविधान दिवस पर राज्यपाल ने लोक भवन में दिलाई संविधान की उद्देशिका की शपथ


देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को लोक भवन में संविधान की उद्देशिका का पाठ किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन और आचरण में आत्मसात करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार होने के साथ ही प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और गरिमा की रक्षा का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी चिंतन, अथक प्रयासों और समर्पण से देश को ऐसा संविधान मिला, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के महान आदर्शों पर आधारित है।

राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ संवैधानिक मूल कर्तव्यों के निर्वहन की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story