राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं


देहरादून, 03 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को होली के पावन पर्व पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

अपने संदेश में कहा ​है कि यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूती प्रदान करता है।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि रंगों का त्योहार होली हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग आपसी मतभेदों और कटुता को भुलाकर प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को बढ़ावा दें तथा सुरक्षित एवं संयमित ढंग से होली का उत्सव मनाएं। राज्यपाल ने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख,समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि होली रंग और उल्लास का त्योहार होने के साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया जाने वाला यह पर्व सामाजिक समरसता और एकता की भावना को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का ही त्योहार नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, शास्त्रीय संगीत परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों की जीवंत अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों,परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने भगवान बद्रीविशाल और बाबा केदार से प्रार्थना की कि यह पर्व प्रदेश में समृद्धि और उन्नति के रंग लेकर आए और सभी के जीवन में सुख-शांति और सफलता का संचार करे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story