धामी सरकार 26 नवंबर को जनता के सामने रखेगी पांच साल का रिपोर्ट कार्ड : महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
धामी सरकार 26 नवंबर को जनता के सामने रखेगी पांच साल का रिपोर्ट कार्ड : महेंद्र भट्ट


धामी सरकार 26 नवंबर को जनता के सामने रखेगी पांच साल का रिपोर्ट कार्ड : महेंद्र भट्ट


-यूसीसी, नकल विरोधी कानून और विकास कार्यों को बताएंगे प्रमुख उपलब्धियां, 2027 चुनाव में काम के आधार पर जनता के बीच जाएगी भाजपा

देहरादून, 24 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार 26 नवंबर को अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, जनहित में लिए गए फैसलों और विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को अपने कार्यों का हिसाब देगी और पांच साल के विकास सफर को साझा करेगी।

महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने जैसे फैसले सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति और निर्णायक कार्यशैली को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू की गई है। भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। वहीं, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का विस्तार हुआ है। निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के प्रयासों से उद्योग और रोजगार को गति मिल रही है।

भट्ट ने कहा कि पर्यटन और तीर्थाटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं। चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में सुधार, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन का विस्तार, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी में सुधार तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसे कार्य राज्य के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लखपति दीदी अभियान, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, स्थानीय उत्पादों की बाजार तक पहुंच, होमस्टे और स्वरोजगार जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य गांवों में ही आजीविका के अवसर बढ़ाकर पलायन की चुनौती से निपटना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश और जनकल्याण के क्षेत्र में धरातल पर दिखाई दे रही हैं। 26 नवंबर को प्रस्तुत होने वाला रिपोर्ट कार्ड जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता का परिचायक होगा।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसके पास विकास का कोई ठोस विजन और प्रदेश के भविष्य को लेकर सकारात्मक एजेंडा नहीं है। केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने कार्यों, उपलब्धियों और जनसेवा के संकल्प के आधार पर जनता के बीच जाएगी और एक बार फिर सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story